बिलासपुर , अक्टूबर 21 -- छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में स्कूल के समय से परिचित युवक पर युवती को शादी का वादा कर उसका यौन शोषण करने, गर्भवती होने पर गर्भपात की दवा खिलाने और अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देने का आरोप लगा है।

पुलिस ने इस मामले की बुधवार को जानकारी दी। पुल स ने बताया कि पीड़िता ने युवक पर पैसे और सोने की चेन वापस नहीं करने का आरोप भी लगाया है। युवती की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने आरोपी विशाल पुरी गोस्वामी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी फिलहाल फरार है और उसकी तलाश की जा रही है।

पुलिस ने बताया कि जांजगीर जिले की रहने वाली 22 साल की युवती बिलासपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में किराए के मकान में रहकर एक ब्यूटी पार्लर में काम करती है। वह मंगला के अभिषेक विहार फेस-1 निवासी विशाल पुरी गोस्वामी को बचपन से जानती थी। दोनों स्कूल के दोस्त थे। जुलाई 2025 में विशाल ने ही युवती को किराए का मकान दिलाया था।

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि विशाल ने पहले उससे दोस्ती की और फिर प्यार का इजहार करते हुए शादी करने का वादा किया। उसकी बातों में आकर युवती ने उस पर भरोसा कर लिया। इसके बाद दोनों के बीच मुलाकातों का सिलसिला शुरू हुआ। शिकायत के मुताबिक, अगस्त 2025 में एक रात युवती की सहेली घर पर नहीं थी। इसी दौरान रात करीब 10 बजे विशाल उससे मिलने पहुंचा और कथित तौर पर उसके साथ दुष्कर्म किया।

युवती का आरोप है कि विशाल पुरी ने मोबाइल पर उसका अश्लील वीडियो बना लिया था। शादी का वादा कर वह उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा। पीड़िता के मुताबिक, बाद में आरोपी वीडियो वायरल करने की धमकी देकर भी उसका यौन शोषण करता रहा।

शिकायत में युवती ने बताया कि आरोपी समय-समय पर जरूरत बताकर उससे पैसे मांगता था। उसने विशाल को पैसे देने के साथ अपनी सोने की चेन भी रखने के लिए दी थी लेकिन मांगने पर आरोपी ने चेन वापस नहीं की।

पीड़िता के अनुसार, लगातार शारीरिक संबंध बनाने के कारण वह गर्भवती हो गई। इसके बाद उसने विशाल पर शादी करने का दबाव बनाया। आरोप है कि युवक ने बाद में शादी करने की बात कहकर उसे गर्भपात की दवा लाकर खिला दी। युवती ने जब दोबारा शादी की बात उठाई, तो आरोपी ने शादी करने से इनकार कर दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित