बिलासपुर , जुलाई 19 -- छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात आपसी विवाद हिंसक हो गया, जिसमें एक युवक की ईंट से सिर कुचलकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।

पुलिस से आज प्राप्त जानकारी के अनुसार, रतनपुर थाना क्षेत्र के अकलतरी में शनिवार देर रात मोहल्ले में कुछ लोग नशे की हालत में गाली-गलौज कर रहे थे। इसी बात को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।

आरोप है कि विवाद के दौरान हमलावर इंद्रप्रकाश उर्फ गोलू भार्गव (30) के घर पहुंच गए। इसके बाद वे घर की छत पर चढ़े और दीवार से ईंट निकालकर उसके सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से इंद्रप्रकाश की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने पर रात करीब एक बजे रतनपुर थाना प्रभारी निलेश पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर तत्काल कार्रवाई शुरू की और आरोपियों को हिरासत में ले लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित