बिलासपुर , अप्रैल 18 -- छत्तीसगढ में बिलासपुर जिले के बिल्हा थाना क्षेत्र में एक युवक ने बीच सड़क पर खुद को आग लगाने की सनसनीखेज घटना वीडियो वायरल होने के बाद सामने आई है। इस हादसे में युवक करीब 80 प्रतिशत तक झुलस गया, जिसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

दरअसल, ग्राम पौशरी निवासी मनजीत जायसवाल शुक्रवार दोपहर करीब 2:30 बजे एक पेट्रोल पंप से डिब्बे में पेट्रोल खरीदकर अपनी मोटरसाइकिल से आगे बढ़ा। कुछ दूरी पर उसने सड़क किनारे मोटरसाइकिल रोकी और अचानक खुद पर पेट्रोल डालकर माचिस से आग लगा ली।

आग लगते ही युवक चीखते-चिल्लाते हुए करीब 20 मीटर तक भागा और फिर सड़क पर गिर गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत साहस दिखाते हुए आग बुझाई और पुलिस एवं एंबुलेंस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और 108 एंबुलेंस की मदद से घायल युवक को पहले सीएमसी अस्पताल पहुंचाया गया। जिसके बाद हालत गंभीर होने पर उसे सिम्स अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।

पुलिस के अनुसार, युवक ने प्रारंभिक बयान में इसे हादसा बताया है लेकिन सीसीटीवी फुटेज में वह खुद आग लगाते हुए नजर आ रहा है। ऐसे में पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। फिलहाल, युवक ने ऐसा कदम क्यों उठाया, इसके कारणों का पता नहीं चल पाया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित