रायगढ़ , मार्च 25 -- छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद रायगढ़ जिले में भी प्रशासन ने सतर्कता बढ़ाते हुए हाई अलर्ट जारी कर दिया है। संभावित संक्रमण को ध्यान में रखते हुए पशु चिकित्सा विभाग और जिला प्रशासन ने पूरे जिले में पोल्ट्री फार्म और मुर्गी दुकानों की निगरानी तेज कर दी है।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार बिलासपुर के कोनी स्थित सरकारी पोल्ट्री फार्म में बीते पांच दिनों के भीतर करीब पांच हजार से अधिक मुर्गे-मुर्गियों की मौत हुई थी। इसके बाद जांच के लिए भेजे गए नमूनों में मंगलवार को बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई, जिससे आसपास के जिलों में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है।

रायगढ़ प्रशासन ने विशेष रूप से इस तथ्य को ध्यान में रखा है कि बिलासपुर से जिले में चूजों की नियमित आपूर्ति होती है। इसी के मद्देनज़र एहतियातन अलर्ट जारी करते हुए अधिकारियों ने निर्देश दिए हैं कि कहीं भी मुर्गियों की असामान्य मौत की स्थिति में तत्काल सूचना दी जाए।

पशु चिकित्सा विभाग के फील्ड अमले द्वारा जिलेभर में पोल्ट्री फार्म और मुर्गी विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। साथ ही संचालकों को साफ-सफाई, सतर्कता और किसी भी संदिग्ध स्थिति की जानकारी तुरंत प्रशासन को देने के निर्देश दिए गए हैं।

गौरतलब है कि फरवरी 2025 में भी रायगढ़ जिले में बर्ड फ्लू के मामले सामने आ चुके हैं। उस दौरान सरकारी पोल्ट्री फार्म में लगातार पक्षियों की मौत के बाद जांच में संक्रमण की पुष्टि हुई थी, जिसके बाद नियमानुसार संक्रमित पक्षियों को नष्ट कर नियंत्रण उपाय किए गए थे।

इस संबंध में सरकारी पोल्ट्री फार्म के प्रभारी डॉ. डीआर प्रधान ने बताया कि फिलहाल रायगढ़ जिले में स्थिति सामान्य है, लेकिन एहतियात के तौर पर सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं और लगातार निगरानी रखी जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित