बिलासपुर , मार्च 25 -- छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में कोनी स्थित शासकीय कुक्कुट पालन केंद्र में बर्ड फ्लू (एवियन इन्फ्लुएंजा) की आज पुष्टि होने के बाद प्रशासन ने एहतियाती कदम तेज कर दिए हैं।
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने प्रभावित क्षेत्र के एक किलोमीटर दायरे को ''इन्फेक्टेड जोन'' तथा 10 किलोमीटर तक के क्षेत्र को ''निगरानी क्षेत्र'' घोषित किया है।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, पशु चिकित्सा विभाग द्वारा भेजे गए सैंपलों की भोपाल स्थित प्रयोगशाला में जांच के बाद संक्रमण की पुष्टि हुई। रिपोर्ट प्राप्त होते ही जिला प्रशासन, पशुपालन और स्वास्थ्य विभाग ने संयुक्त रूप से नियंत्रण एवं रोकथाम की कार्रवाई शुरू कर दी है।
निगरानी क्षेत्र में पोल्ट्री से जुड़े सभी उत्पादों की खरीद-बिक्री एवं परिवहन पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगा दिया गया है। साथ ही पुलिस, वन एवं परिवहन विभाग को विभिन्न स्थानों पर चेकपोस्ट स्थापित कर मुर्गियों और अन्य पक्षियों की आवाजाही पर सख्त निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
संक्रमित क्षेत्र में रामकृष्ण परमहंस नगर और विद्यासागर नगर वार्ड को शामिल किया गया है, जबकि आसपास के कई क्षेत्रों को निगरानी क्षेत्र में रखा गया है। इन इलाकों में स्वास्थ्य एवं पशुपालन विभाग की टीमें लगातार निगरानी और आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि समस्त कार्रवाई 'एवियन इन्फ्लुएंजा एक्शन प्लान 2011' के तहत की जा रही है। संबंधित अधिकारियों को स्थिति पर सतत नजर बनाए रखने और नियमित रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने आम नागरिकों से अफवाहों से बचने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। साथ ही नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित