बिलासपुर , सितंबर 27 -- छत्तीसगढ़ में बिलासपुर जिले के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लोहर्सी (सोन) में एक व्याख्याता पर प्राचार्य के साथ गाली-गलौज और धमकी देने का आरोप लगा है।

घटना से संबंधित एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। प्राचार्य ने जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ), मस्तूरी ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (बीईओ) और पचपेड़ी थाने में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत के अनुसार गुरुवार सुबह करीब 10:30 बजे विद्यालय में प्रार्थना के बाद पूरे स्टाफ की मौजूदगी में व्याख्याता सानुज राम सोनी ने प्राचार्य से कथित तौर पर गाली-गलौज की। आरोप है कि उपस्थिति को लेकर विवाद के दौरान उन्होंने प्राचार्य को धमकाया।

प्राचार्य ने शिकायत में आरोप लगाया है कि उपस्थिति रजिस्टर में हस्ताक्षर करने के बाद व्याख्याता ने पुराने आकस्मिक अवकाश (सीएल) के स्थान पर गुरुवार की छुट्टी दर्ज करने की मांग की। साथ ही गुरुवार की सीएल नहीं लिखने के लिए भी दबाव बनाया गया। आरोप है कि विवाद के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे विद्यालय के अन्य कर्मचारियों को भी धमकी दी गई।

शिकायत में कहा गया है कि घटना के दौरान संकुल समन्वयक वीडियो बना रहे थे। आरोप है कि व्याख्याता ने उनका कॉलर पकड़ लिया और कहा, "गांव वाले हो, देख लूंगा।"प्राचार्य ने शिकायत में भविष्य में अपने साथ किसी प्रकार की शारीरिक घटना होने की आशंका भी जताई है। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी, मस्तूरी ब्लॉक शिक्षा अधिकारी और पचपेड़ी पुलिस से मामले में कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित