बिलासपुर , जून 19 -- छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में पुलिस ने अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए एक हिस्ट्रीशीटर बदमाश सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बिल्हा थाना क्षेत्र में लंबे समय से अवैध वसूली, धमकी और मारपीट की शिकायतों के आधार पर हिस्ट्रीशीटर बदमाश सत्यप्रकाश उर्फ सत्या घृतलहरे को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी पर क्रेशर संचालकों और ट्रक चालकों से कथित तौर पर अवैध उगाही करने, शराब के लिए पैसे मांगने तथा विरोध करने वालों के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोप हैं।
जांच में सामने आया है कि आरोपी ग्राम पंचायत के सामने टेंट लगाकर वाहनों को रोकता था और 'रॉयल्टी चेक' के नाम पर कथित वसूली करता था। वह लोगों के बीच यह कहकर भय का माहौल बनाता था कि "शासन-प्रशासन मेरा कुछ नहीं बिगाड़ सकता।" पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर सिरगिट्टी क्षेत्र में घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान टेंट और कुर्सियां भी जब्त की गई हैं। मामले में दिलेश घृतलहरे, सोना कोसले, नारायण रात्रे और सुनील अनंत समेत अन्य सहयोगियों की तलाश जारी है।
इसी बीच, चकरभाठा पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने स्कूटी सवार युवक से लूटपाट के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में प्रकाश यादव उर्फ रवि यादव, रोहन दास तथा एक नाबालिग शामिल है।
पुलिस ने मंगलवार देर रात सेवार रोड पर आरोपियों ने युवक को रोककर पहले थप्पड़ मारकर सड़क पर गिराया और फिर चाकू की नोक पर उससे 395 रुपये नकद तथा उसकी स्कूटी लूट ली। वारदात के बाद आरोपी जिले से बाहर भागने की तैयारी में थे लेकिन पुलिस ने नयापारा सिरगिट्टी क्षेत्र से उन्हें पकड़ लिया। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई प्लेजर मोपेड, 395 रुपये नकद तथा घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद किया गया है।
वहीं जिले में एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में दो सगे भाइयों की जान चली गई। रतनपुर-कोरबा राष्ट्रीय राजमार्ग पर बेलतरा के पास गुरुवार देर रात कोयले से लदा एक तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर पलट गया। उसी दौरान वहां से गुजर रहे बाइक सवार दो भाई ट्रेलर के नीचे दब गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान संदीप रजक और प्रदीप रजक के रूप में हुई है। दोनों काम से लौटकर घर जा रहे थे। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण ट्रेलर की तेज रफ्तार बताया गया है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। रतनपुर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित