बिलासपुर , अक्टूबर 13 -- छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में नवरात्रि पर्व के अवसर पर आयोजित गरबा उत्सव 'पंखीड़ा सीजन-4' का सोमवार रात रंगारंग शुभारंभ हुआ। आयोजन के पहले दिन पारंपरिक गरबा और डांडिया के साथ फिल्मी दुनिया की चमक भी देखने को मिली। बॉलीवुड अभिनेत्री सोनल चौहान की मौजूदगी कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रही। वहीं, मंगलवार को अभिनेता रवि किशन आयोजन में शामिल होंगे।
प्रजाराज्यम् की ओर से रायपुर रोड स्थित फॉर्च्यून एलिमेंट्स के महाराजा अग्रसेन भवन में आयोजित इस गरबा महोत्सव की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद पारंपरिक संगीत और डांडिया की धुनों पर बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने गरबा किया। रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में सजे महिला-पुरुषों, युवाओं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। आयोजन में कई परिवारों की अलग-अलग पीढ़ियां एक साथ गरबा करती नजर आईं।
कार्यक्रम की पहली रात बॉलीवुड अभिनेत्री सोनल चौहान के आगमन से उत्सव का आकर्षण और बढ़ गया। उनकी मौजूदगी को लेकर प्रतिभागियों में खासा उत्साह देखा गया। इस अवसर पर नगर विधायक अमर अग्रवाल सहित अन्य अतिथि भी उपस्थित रहे। आकर्षक रोशनी, संगीत और पारंपरिक वेशभूषा के बीच देर तक गरबा और डांडिया का सिलसिला चलता रहा।
आयोजकों के अनुसार, पंखीड़ा सीजन-4 के दूसरे दिन मंगलवार, 13 अक्टूबर को हिंदी और भोजपुरी सिनेमा के अभिनेता रवि किशन कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। अपने दमदार संवादों और विशिष्ट देसी अंदाज के लिए पहचाने जाने वाले रवि किशन के आगमन को लेकर प्रतिभागियों और दर्शकों में उत्सुकता बनी हुई है। आयोजकों ने कार्यक्रम से पहले ही उनकी उपस्थिति की घोषणा की थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित