बिलासपुर , जुलाई 23 -- ) छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में नगर निगम ने बिना वैधानिक अनुमति संचालित हो रहे 'द गोल्डन स्टे' होटल को सील कर दिया।
निगम ने होटल और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के खिलाफ अभियान तेज करते हुए बुधवार को यह कार्रवाई की। निगम को यहां संदिग्ध गतिविधियों की लगातार शिकायतें मिल रही थीं।
नगर निगम से मिली जानकारी के अनुसार शिकायतों के बाद आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे के निर्देश पर निगम की टीम ने होटल का निरीक्षण किया। जांच में पाया गया कि होटल आवश्यक अनुमति और निर्धारित नियमों का पालन किए बिना संचालित किया जा रहा था। निरीक्षण के दौरान प्राप्त शिकायतों और उपलब्ध दस्तावेजों की जांच में विभिन्न नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर होटल को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया।
निगम के अनुसार भवन के मालिक श्रद्धेय गुप्ता हैं, जबकि होटल को यश ब्रदर्स ने पूरन सिंह और नागेश्वर यादव को ओयो संचालन के लिए किराये पर दिया था। निरीक्षण के दौरान संचालन से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच की गई, जिसमें कई अनियमितताएं सामने आईं।
श्री सर्वे ने बताया कि निगम क्षेत्र में बिना लाइसेंस और आवश्यक स्वीकृतियों के संचालित होटल, लॉज तथा अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के विरुद्ध लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अब तक ऐसे करीब सात होटलों पर कार्रवाई की जा चुकी है।
उन्होंने कहा कि बिना वैधानिक अनुमति संचालित होटल, लॉज और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के खिलाफ विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा। जिन प्रतिष्ठानों में नियमों का उल्लंघन अथवा आवश्यक स्वीकृतियों के बिना संचालन पाया जाएगा, उनके विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित