बिलासपुर , सितंबर 28 -- छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में रविवार रात दो गुटों के बीच हुए हिंसक संघर्ष में चाकू लगने से एक युवक की मौत हो गई। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी सुनील निर्मलकर उर्फ कल्लू टाइगर को पकड़ लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।

पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार सिरगिट्टी के मैट्रिक्स चौक निवासी ओम दिवाकर और सुनील निर्मलकर उर्फ कल्लू टाइगर के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। कल रात ओम दिवाकर अपने साथियों के साथ घर के पास मैट्रिक्स चौक पर मौजूद था। इसी दौरान सुनील उर्फ कल्लू टाइगर भी अपने दोस्तों के साथ वहां पहुंचा।

देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच पहले एक-दूसरे को घूरने और गाली-गलौज को लेकर विवाद शुरू हुआ। कुछ ही देर में विवाद हिंसक झड़प में बदल गया और दोनों पक्षों के बीच हाथ-मुक्कों के साथ लाठी-डंडे चलने लगे।

इसी दौरान हमलावरों ने ओम दिवाकर पर ताबड़तोड़ हमला कर उसे चाकू घोंप दिया। गंभीर रूप से घायल ओम खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद हमलावर मौके से भागने लगे।

ओम के साथियों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। हत्या की जानकारी मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ की। इसके बाद मुख्य आरोपी सुनील निर्मलकर उर्फ कल्लू टाइगर को पकड़ लिया गया। पुलिस उससे पूछताछ कर वारदात में शामिल अन्य लोगों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

घटनास्थल फदहाखार जंगल क्षेत्र में होने और रात में अंधेरा होने के कारण तत्काल फोरेंसिक जांच नहीं हो सकी। साक्ष्य प्रभावित न हों, इसे देखते हुए पुलिस ने शव को घटनास्थल से नहीं हटाया और ओम दिवाकर का शव रात भर वहीं पड़ा रहा। आज सुबह फोरेंसिक एक्सपर्ट की टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाने के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सिम्स भेजा गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित