बिलासपुर , मई 06 -- छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में स्थित मस्तूरी थाना क्षेत्र में पुलिस ने मंगलवार को एक युवक को गिरफ्तार किया है जो धारदार चाकू लहराकर लोगों में डर का माहौल बना रहा था। पुलिस ने आरोपी के पास से चाकू, एक मोटरसाइकिल और एक स्कूटी भी जब्त की है।

पुलिस के अनुसार, चार मई की सुबह पुलिस टीम पेट्रोलिंग पर थी। इसी दौरान मुड़पार के सरपंच प्रतिनिधि अंजोर राय ने सूचना दी कि खोरसी-मुड़पार इलाके में चार संदिग्ध युवक बाइक और स्कूटी से घूम रहे हैं। जब ग्रामीणों ने उनका पीछा किया तो तीन युवक वाहन छोड़कर भाग निकले, जबकि एक युवक को पकड़ लिया गया। ग्रामीणों ने बताया कि यही युवक तीन मई की रात करीब 1:30 बजे खोरसी मरघटी के पास चाकू लहराकर लोगों को डरा रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम राजू साहू उर्फ अज्जू उर्फ बोदला,चिंगराजपारा, सरकंडा, बिलासपुर बताया। पुलिस ने उसके पास से करीब 36 सेंटीमीटर लंबा धारदार लोहे का चाकू बरामद किया। साथ ही एक मोटरसाइकिल और सफेद रंग की स्कूटी भी जब्त की गई। आरोपी के पास हथियार रखने का कोई वैध कागजात नहीं मिलने पर पुलिस ने उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित