बिलासपुर , अगस्त 19 -- छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में महाराणा प्रताप चौक के पास रिंग रोड पर मंगलवार रात चलती टाटा सफारी कार में अचानक आग लग गई। इंजन से धुआं निकलता देख चालक ने तत्काल वाहन सड़क किनारे रोक दिया और उसमें सवार सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल गए। कुछ ही देर में आग ने वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।

पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की है। कार में युवक और अन्य लोग किसी काम से जा रहे थे। महाराणा प्रताप चौक के पास रिंग रोड से गुजरने के दौरान वाहन के इंजन से अचानक धुआं उठने लगा। खतरे का अंदेशा होते ही चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए कार को सड़क किनारे रोक दिया और उसमें मौजूद सभी लोगों को बाहर निकाला।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वाहन से धुआं निकलने के कुछ ही देर बाद आग की लपटें उठने लगीं और देखते ही देखते सफारी धू-धूकर जलने लगी। घटना के कारण मौके पर कुछ समय के लिए अफरातफरी की स्थिति बन गई।

कार में आग लगने की सूचना पर आसपास मौजूद लोग भी मौके पर पहुंचे। कुछ युवकों ने पास से रेत लाकर जलती कार पर डालना शुरू किया। इस बीच पुलिस और फायर ब्रिगेड को घटना की सूचना दी गई। दमकल और पुलिस टीम के पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद रेत डालकर आग पर काबू पा लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित