बिलासपुर , फरवरी 12 -- छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर के एक प्रमुख कोयला कारोबारी समूह के ठिकानों पर आयकर विभाग ने गुरुवार को दबिश दी।
जानकारी के अनुसार, विभाग की टीम ने फिल ग्रुप से जुड़े परिसरों में एक साथ कार्रवाई करते हुए दस्तावेजों और लेन-देन से संबंधित अभिलेखों की जांच शुरू की है।
सूत्रों के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान टीम सर्वे के प्रारूप में पहुंची और शहर के श्रीकांत वर्मा मार्ग स्थित कार्यालय सहित रामा वर्ल्ड क्षेत्र में स्थित आवास पर भी जांच की गई। इसके अलावा समूह से जुड़े अन्य संभावित ठिकानों पर भी दस्तावेजों की पड़ताल की जा रही है।
खबर लिखे जाने तक बताया कि अधिकारी कोयला व्यापार से संबंधित वित्तीय रिकॉर्ड, खातों और अन्य अहम कागजातों को खंगाला जा रहा है। फिलहाल विभाग की ओर से आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है लेकिन कार्रवाई को लेकर कारोबारी हलकों में चर्चा तेज हो गई है।
आयकर विभाग की यह कार्रवाई देर शाम तक जारी रहने की संभावना है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की स्पष्ट तस्वीर सामने आ सकेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित