बिलासपुर , मार्च 25 -- छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर में एक नाबालिग छात्र द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला आज सामने आया है।
सिविल लाइन थाना क्षेत्र के मंगला इलाके में रहने वाले कक्षा 9वीं के एक छात्र का शव उसके घर की छत से सटे एक पेड़ से लटका हुआ पाया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान अरविंद पटेल के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
परिजनों ने बताया कि छात्र पिछले कुछ समय से पढ़ाई में रुचि नहीं ले रहा था और बीते करीब दो महीनों से स्कूल भी नहीं जा रहा था। साथ ही उसके कुछ गलत संगत में पड़ने की भी बात सामने आई है, जिसके चलते उसका व्यवहार भी बदला हुआ था।
प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित