बिलासपुर , अप्रैल 12 -- छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने कड़ा अभियान चलाते अलग-अलग क्षेत्रों में छापेमारी कर दो हाइवा और छह ट्रैक्टर-ट्रॉली समेत कुल आठ वाहनों को जब्त किया गया है।

खनिज विभाग की टीम ने 10 और 12 अप्रैल को चकरभाठा, बिल्हा, दगोरी, उमरिया, उड़नताल, खपरी, कोहरौदा, बर्तोरी, पिपरा और खैरा सहित कई इलाकों में सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान उड़नताल में अवैध रेत परिवहन करते दो ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ी गईं, जबकि उमरिया में ईंट-मिट्टी ले जा रहे दो ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त किए गए।

इसी तरह खैरा क्षेत्र से मुरुम और अशोक नगर से गिट्टी का अवैध परिवहन करते एक-एक हाइवा वाहन को कब्जे में लिया गया। पिपरा क्षेत्र में भी रेत परिवहन करते दो ट्रैक्टर-ट्रॉली पर कार्रवाई की गई।

जब्त किए गए सभी वाहनों को बिल्हा और कोनी थाना की अभिरक्षा में रखा गया है। प्रशासन ने साफ संकेत दिए हैं कि अवैध खनिज गतिविधियों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित