बिलासपुर , जुलाई 13 -- छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले स्थित बाल संप्रेक्षण गृह में पदस्थ एक सुरक्षा गार्ड की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के बाद चार किशोर आरोपी मौके से फरार हो गए हैं, जिनकी तलाश में पुलिस की अलग-अलग टीमें जुटी हुई हैं।

पुलिस से सोमवार को प्राप्त जानकारी के अनुसार आज सुबह बाल संप्रेक्षण गृह परिसर में सुरक्षा गार्ड नरेंद्र कुमार खांडे का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान तखतपुर क्षेत्र के अरईबंद निवासी नरेंद्र कुमार खांडे के रूप में हुई है, जो पिछले लगभग एक वर्ष से बाल संप्रेक्षण गृह में सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत थे।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वारदात में चार किशोर आरोपियों की संलिप्तता होने की आशंका है। आरोप है कि चारों ने पहले सुरक्षा गार्ड के साथ मारपीट की, इसके बाद उनके हाथ-पैर बांध दिए, गला दबाया तथा मुंह में गमछा ठूंसकर उनकी हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी वहां से फरार हो गए।

सूचना मिलने पर सरकंडा थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। हत्या के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो सका है।

घटना की जानकारी मिलने पर मृतक के परिजन भी बाल संप्रेक्षण गृह पहुंचे। परिजनों ने आरोप लगाया कि नरेंद्र को साप्ताहिक अवकाश नहीं दिया जाता था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि "सिंह सर और अधीक्षक मैडम ने मर्डर करवाया है।"पुलिस ने फरार चारों किशोर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है और मामले की सभी पहलुओं से जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित