बिलासपुर , जून 26 -- छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में सिविल लाइन थाना परिसर स्थित लॉकअप में बंद एक आदतन बदमाश ने ब्लेड से खुद को घायल कर लिया। घटना में वह गंभीर रूप से लहूलुहान होने पर पुलिस ने तत्काल उसे उपचार के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया। आरोपी को मुहर्रम के दौरान भीड़ में धारदार चाकू के साथ पकड़ा गया था।
सिविल लाइन नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) निमितेश सिंह ने बताया कि "मुहर्रम पर्व पर गुरुवार को जुलूस निकला था और डल्ला नाच भी चल रहा था। इस दौरान पुलिस पेट्रोलिंग पर थी। शाम को जरहाभाठा इलाके में भीड़ के बीच रामा कुर्रे (27), पिता राजू कुर्रे की संदिग्ध गतिविधियां देखी गईं। तलाशी लेने पर उसके पास से एक धारदार चाकू बरामद हुआ।"उन्होंने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर सिविल लाइन थाने लाया गया और लॉकअप में बंद किया गया। शाम करीब 6:30 बजे उसने अचानक अपने शरीर पर ब्लेड मारे, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पुलिसकर्मियों ने तत्काल लॉकअप से सिम्स अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी किशोर केंवट और सीएसपी निमितेश सिंह भी अस्पताल पहुंचे तथा उसकी स्थिति की जानकारी ली।
घटना के बाद पुलिस ने थाने के सीसीटीवी फुटेज की जांच की। जांच में सामने आया कि आरोपी ने ब्लेड अपने मुंह में छिपाकर रखा था। इसी दौरान एक महिला उससे मिलने थाने पहुंची थी। मुलाकात के बाद आरोपी ने लॉकअप के भीतर ब्लेड निकालकर खुद पर कई वार कर लिए।
सीएसपी सिंह ने बताया कि "हथियार के साथ पकड़े जाने के बाद पुलिस कार्रवाई से बचने और दबाव बनाने के लिए आरोपी ने ब्लेड से खुद को घायल किया। आरोपी एक आदतन बदमाश है और उसके खिलाफ कई मामले पहले से दर्ज हैं।"पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित