बिलासपुर , अक्टूबर 30 -- छत्तीसगढ़ के बिलासपुर से कोलकाता के बीच हवाई सेवा का संचालन एक बार फिर अनिश्चितता के घेरे में आ गया है। करीब 37 दिनों के अंतराल के बाद शीतकालीन समय सारणी के तहत 25 अक्टूबर को बहाल की गई उड़ान अगले ही दिन बंद हो गई।
इस बीच हवाईअड्डा प्रबंधन और राज्य के विमानन विभाग की ओर से उड़ान की स्थिति को लेकर अलग-अलग जानकारी सामने आने से यात्रियों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
आज प्राप्त जानकारी के अनुसार एलायंस एयर ने 25 अक्टूबर को बिलासपुर-कोलकाता मार्ग पर दोबारा विमान सेवा शुरू की थी। पहले दिन इस उड़ान में 36 यात्रियों ने सफर किया, जबकि अगले दिन के लिए 42 यात्रियों की बुकिंग हो चुकी थी। इसके बावजूद विमान का संचालन नहीं किया गया। अचानक सेवा प्रभावित होने से टिकट बुक करा चुके यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
उल्लेखनीय है कि बिलासपुर-कोलकाता हवाई सेवा का संचालन इससे पहले भी कई बार प्रभावित हो चुका है। गत 12 अगस्त 2026 को सुबह संचालित होने वाली उड़ान का समय बदलकर दोपहर कर दिया गया था। उस दौरान सुबह की उड़ान में औसतन 45 से 50 यात्री यात्रा कर रहे थे। इसके बाद 18 सितंबर को पर्याप्त यात्री नहीं मिलने का हवाला देते हुए विमान सेवा बंद कर दी गई थी। उस समय एयरलाइन की ओर से विंटर शेड्यूल में उड़ान दोबारा शुरू करने की बात कही गई थी।
इसी क्रम में 25 अक्टूबर को विमान सेवा बहाल होने से यात्रियों को नियमित उड़ान मिलने की उम्मीद जगी थी, लेकिन एक दिन बाद ही संचालन रुकने से हवाई संपर्क की निरंतरता पर सवाल उठने लगे हैं।
इस घटनाक्रम पर हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति ने नाराजगी व्यक्त की है। समिति का कहना है कि बिलासपुर एयरपोर्ट और यहां के यात्रियों के साथ उड़ान सुविधा के नाम पर मजाक किया जा रहा है। समिति के अनुसार, जब से उड़ान शुरू हुई है, तब से यात्री नहीं मिलने का बहाना बनाया जा रहा है, जबकि स्थिति अलग है।
समिति ने सवाल उठाया कि 42 यात्रियों की बुकिंग को कम नहीं कहा जा सकता। जब विमान सेवा दोबारा शुरू की गई और यात्रियों ने टिकट भी बुक करा लिए, तो इसे नियमित रूप से संचालित करने के बजाय फिर बंद क्यों कर दिया गया। समिति ने हवाई सेवा के संचालन में बार-बार आ रही बाधाओं पर असंतोष जताया है।
इधर, बिलासपुर हवाईअड्डा के निदेशक बीरेन सिंह ने बताया कि बिलासपुर से कोलकाता की उड़ान बंद होने की जानकारी एलायंस एयर से मिली है। हालांकि, इसकी आधिकारिक सूचना नहीं दी गई है।
दूसरी ओर, छत्तीसगढ़ उड्डयन विभाग के निदेशक मुकेश बंसल ने उड़ान बंद होने की बात से इनकार किया है। उन्होंने कहा कि बिलासपुर-कोलकाता उड़ान बंद नहीं हुई है। इसे हैदराबाद से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उनके मुताबिक, उड़ान बंद नहीं है और इसका संचालन जारी है।
इस प्रकार एयरपोर्ट प्रबंधन और राज्य के विमानन विभाग के बयानों में अंतर सामने आया है। एक ओर एयरपोर्ट प्रबंधन को एलायंस एयर से सेवा बंद होने की जानकारी मिली है, वहीं दूसरी ओर विमानन विभाग उड़ान जारी रहने की बात कह रहा है। ऐसे में बिलासपुर-कोलकाता हवाई सेवा के नियमित संचालन और आगामी उड़ानों की स्थिति को लेकर स्पष्ट आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित