बिलासपुर , अगस्त 08 -- छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में तोरवा थाना क्षेत्र स्थित मुक्तिधाम में पालतू कुत्ते का दाह-संस्कार किए जाने को लेकर आज विवाद सामने आया है। स्थानीय लोगों और हिंदू संगठनों ने इसका विरोध करते हुए इसे धार्मिक परंपरा और जनभावनाओं के विपरीत बताया। मामले की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाइश देकर स्थिति शांत कराई।
जानकारी के अनुसार, कुदुदंड क्षेत्र में रहने वाले एक परिवार के पालतू डॉग की मौत हो गई थी। परिवार के सदस्यों का उससे भावनात्मक लगाव था और वे उसे परिवार के सदस्य की तरह मानते थे। परिवार का कहना है कि इसी कारण उन्होंने सम्मानपूर्वक अंतिम विदाई देने के लिए डॉग को तोरवा मुक्तिधाम ले जाकर हिंदू रीति-रिवाज से उसका दाह-संस्कार किया। परिवार के मुताबिक इसके लिए अनुमति ली गई थी।
दूसरी ओर, स्थानीय लोगों और हिंदू संगठनों ने मुक्तिधाम में पशु के दाह-संस्कार पर आपत्ति जताई। आरोप लगाया गया कि मुक्तिधाम के केयरटेकर ने 2 हजार रुपए लेकर डॉग के अंतिम संस्कार की अनुमति दी, जबकि इसके लिए नगर निगम से किसी तरह की अनुमति नहीं ली गई थी। विरोध कर रहे लोगों का कहना था कि मुक्तिधाम मनुष्यों के अंतिम संस्कार के लिए निर्धारित और पवित्र स्थल है तथा यहां किसी पशु का दाह-संस्कार धार्मिक परंपराओं और जनभावनाओं के खिलाफ है।
मामले की जानकारी मिलने के बाद आसपास के लोग, हिंदू संगठनों के पदाधिकारी और वार्ड नंबर 41 के पार्षद मोती गंगवानी मुक्तिधाम पहुंचे। उन्होंने दाह-संस्कार का विरोध करते हुए मामले को लेकर आपत्ति दर्ज कराई।
पार्षद मोती गंगवानी ने इस संबंध में पुलिस को लिखित शिकायत दी है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि इंसानों के लिए निर्धारित मुक्तिधाम में जानवर का दाह-संस्कार किया गया, जो धार्मिक परंपरा और आस्था का अपमान है। उन्होंने मामले में कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, डॉग की मालकिन का कहना है कि वह उनके परिवार का सदस्य था और उसकी मौत से पूरा परिवार बेहद दुखी था। इसी भावनात्मक जुड़ाव के चलते उन्होंने सम्मान के साथ उसका अंतिम संस्कार किया। उनका कहना है कि किसी की धार्मिक भावना को आहत करना उनका मकसद नहीं था।
स्थानीय लोगों ने मुक्तिधाम के केयरटेकर पर 2 हजार रुपए लेकर दाह-संस्कार की अनुमति देने का आरोप लगाते हुए नगर निगम की अनुमति नहीं लिए जाने का भी दावा किया है। उन्होंने इस मामले में जांच और कार्रवाई की मांग की है।
एडिशनल एसपी सिटी पंकज पटेल ने बताया कि एक परिवार के पालतू कुत्ते की मौत हो गई थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित