बूंदी , मई 30 -- राजस्थान के किसानों ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से उनकी उपज की न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर चल रही खरीद की समय सीमा बढाने की मांग की है।

श्री बिरला के शनिवार को बून्दी जिले के इंद्रगढ़ प्रवास के दौरान रास्ते में विभिन्न स्थानों पर किसानों से मिलने के दौरान बड़ी संख्या में किसानों ने उन्हें ज्ञापन सौंपकर एमएसपी पर चल रही खरीद प्रक्रिया से जुड़ी समस्याओं से अवगत कराया।

किसानों ने बताया कि 31 मई समर्थन मूल्य पर खरीद का अंतिम दिन है लेकिन अभी भी अनेक किसानों को खरीद के लिए टोकन जारी नहीं हुए हैं। कई किसानों की उपज का तुलन-पत्र भी लंबित है, जिससे उनके समर्थन मूल्य पर उपज बेचने से वंचित रहने की आशंका बनी हुई है।

किसानों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए श्री बिरला ने तत्काल मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से फोन पर चर्चा की। उन्होंने मुख्यमंत्री को स्थिति से अवगत कराते हुए आग्रह किया कि कोई भी पात्र किसान एमएसपी पर खरीद से वंचित नहीं रहे।

मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि जिन किसानों को अब तक टोकन जारी नहीं हो सके हैं या जो किसी कारणवश खरीद प्रक्रिया में शामिल नहीं हो पाए हैं, उनकी उपज भी समर्थन मूल्य पर खरीदी जाएगी। मुख्यमंत्री के आश्वासन की जानकारी मिलने पर किसानों ने लोकसभा अध्यक्ष का आभार जताया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित