जयपुर , जून 16 -- राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने आरोप लगाते हुए कहा है कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला कह रहे हैं कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी के कोटा कार्यक्रम में कोई न जाये।

श्री गहलोत ने मंगलवार को यहां मीडिया से बातचीत में यह बात कही। उन्होंने कहा कि श्री बिरला के क्षेत्र में श्री गांधी आ रहे हैं। उन्हें उनका स्वागत करना चाहिए, क्योंकि जिस सदन के वह अध्यक्ष हैं, उसी सदन में विपक्ष के नेता वहां आ रहे हैं। स्वागत करने की बात तो दूर, वहां ऐसा संदेश दे दिया गया है, जैसे श्री बिरला इसके खिलाफ हैं और कोई भी वहां न जाये।

उन्होंने कहा कि इस पर अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए कि आखिर यह नौबत क्यों आयी। यह सब किसके इशारे पर हुआ। देश में श्री गांधी के इस अभियान की शुरुआत राजस्थान के कोटा से ही हो रही है, वह ट्रेन से आ रहे हैं। और वहां के कोचिंग संस्थानों को धमकियां दी जा रही हैं कि उनके संस्थान में कई कमियां हैं, नतीजे भुगतने के लिए तैयार रहो। अगर खुद लोकसभा अध्यक्ष के लोकसभा क्षेत्र में ऐसी स्थिति बनती है, तो पूरे मुल्क में क्या संदेश जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित