कोटा , अगस्त 30 -- राजस्थान में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने रविवार को लाडपुरा विधानसभा क्षेत्र के मवासा गंदीफली में आयोजित 'सांसद जन सेवा अभियान' शिविर का निरीक्षण किया।

श्री बिरला ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए शिविरों एवं स्टॉल्स का अवलोकन करके वहां उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने शिविर में पहुंचे ग्रामीणों से संवाद किया और उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं को ध्यानपूर्वक सुना।

शिविर में ग्रामीण आधार कार्ड, जनआधार, खाद्य सुरक्षा, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, श्रमिक डायरी, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं से जुड़े मामलों को लेकर पहुंचे। श्री बिरला ने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से कहा कि पात्र नागरिकों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक दस्तावेजों की पूर्ति एवं उनमें होने वाली त्रुटियों के निराकरण में पूरी संवेदनशीलता के साथ सहयोग किया जाए।

उन्होंने कहा कि 'सांसद जन सेवा अभियान' का उद्देश्य शासन की योजनाओं और सेवाओं को आमजन के गांव एवं द्वार तक पहुंचाना है, ताकि लोगों को अपने छोटे-बड़े कार्यों के लिए अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की सार्थकता तभी है, जब उनका लाभ समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित