कोटा , जून 29 -- लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सोमवार को श्रीनाथपुरम स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 4.42 करोड़ रुपये की लागत से विकसित खेल सुविधाओं का लोकार्पण किया।

इस दौरान कोटा विकास प्राधिकरण (केडीए) द्वारा निर्मित 900 मीटर सिंथेटिक वॉकिंग ट्रैक, बास्केटबॉल एवं वॉलीबॉल कोर्ट तथा मल्टीपरपज हॉल आमजन और खिलाड़ियों को समर्पित किए गए।

श्री बिरला ने इस अवसर पर कहा कि श्रीनाथपुरम स्टेडियम हाड़ौती के प्रमुख आधुनिक खेल परिसरों में शामिल हो चुका है। पहले एथलीट और आमजन एक ही ट्रैक का उपयोग करते थे, जिससे खिलाड़ियों के अभ्यास में बाधा और दुर्घटना की आशंका रहती थी। अब वरिष्ठ नागरिकों, पैदल चलने वालों और दौड़ने के लिए अलग सिंथेटिक वॉकिंग ट्रैक तैयार होने से खिलाड़ी सुरक्षित वातावरण में अभ्यास कर सकेंगे और आमजन भी बेहतर स्वास्थ्य के लिए इसका लाभ उठा सकेंगे।

उन्होंने कहा कि कोटा-बून्दी को स्पोर्ट्स हब के रूप में विकसित करने की दिशा में लगातार कार्य हो रहा है। 100 करोड़ से अधिक की लागत से जे.के. पवेलियन को अंतरराष्ट्रीय स्तर के क्रिकेट स्टेडियम के रूप में विकसित किया जाएगा। साथ ही आधुनिक स्विमिंग पूल, शूटिंग रेंज बनेंगे। शहर के साथ ही इटावा, सुल्तानपुर, लाखेरी और रामगंजमण्डी सहित ग्रामीण क्षेत्रों में भी आधुनिक खेल सुविधाओं का विस्तार किया गया है।

विधायक संदीप शर्मा ने कहा कि श्रीनाथपुरम खेल स्टेडियम में खिलाड़ियों को एक ही स्थान पर सारे खेलों की सुविधाएं मिलेंगी, अगले चरण में फुटबॉल मैदान को भी शानदार बनाया जाएगा। श्रीनाथपुरम के साथ मेजर ध्यानचंद स्टेडियम और श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम में भी सुविधाओं का विस्तार करेंगे। दादाबाड़ी का बैडमिंटन कोर्ट दोबारा शुरू होगा। आने वाले वर्षों में स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में हमारा क्षेत्र पूरे राजस्थान में अग्रणी होगा। जिलाध्यक्ष राकेश जैन, मंडल अध्यक्ष अक्षय चौधरी आदि मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित