कोटा , मार्च 20 -- लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने शुक्रवार को राजस्थान में कोटा में प्रशासन, वन विभाग, केडीए, नगर निगम और मंडी अधिकारियों के साथ बैठक करके शहर और क्षेत्र के विकास कार्यों की समीक्षा की।

बैठक में श्री बिरला ने भामाशाह मंडी विस्तार, एग्रो पार्क की स्थापना, बरसाती पानी की निकासी, उद्यानों का विकास और सिंचाई जैसे विषयों पर चर्चा हुई। उन्होंने सभी विभागों को बेहतर समन्वय के साथ योजनाओं को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि भामाशाह कृषि उपज मंडी के विस्तार के लिए विस्तृत खाका तैयार किया जाए और विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) बनाने की प्रक्रिया शीघ्र शुरू की जाए, ताकि टेंडर प्रक्रिया भी समय पर आगे बढ़ सके। उन्होंने कहा कि सभी आवश्यक सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए वित्तीय स्वीकृतियों के लिए राज्य सरकार को प्रस्ताव भेजने और भूमि उपयोग परिवर्तन की प्रक्रिया तेज करने को कहा। साथ ही अतिक्रमण हटाने और मंडी को रेलवे लाइन से जोड़ने के लिए रेलवे अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए।

श्री बिरला ने भामाशाह मंडी के निकट एग्रो इंडस्ट्री पार्क स्थापित करने के लिए भूमि चिन्हित करने को कहा। साथ ही फल-सब्जी मंडी के विस्तार और आवश्यकता अनुसार अन्य स्थान पर स्थानांतरण की संभावनाओं पर भी प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित