कोटा , सितम्बर 27 -- लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने रविवार को राजस्थान में कोटा प्रवास के दौरान बूंदी रोड स्थित गुरद्वारा श्रीअगमगढ़ साहिब पहुंचकर जत्थेदार बाबा लक्खा सिंह जी से भेंट की।

श्री बिरला ने बाबा लक्खा सिंह जी की कुशलक्षेम पूछी और श्रीगुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष माथा टेककर उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना की। उन्होंने कहा कि बाबा लक्खा सिंह जी ने अपना पूरा जीवन धार्मिक सौहार्द, सामाजिक समरसता और मानव सेवा को समर्पित किया है। गुरु नानक देव जी के दिखाए मार्ग पर चलते हुए वह देशभर में पीड़ित मानवता की सेवा और जरूरतमंदों को संबल देने के कार्यों में सक्रिय रहे हैं।

बाबा लक्खा सिंह जी पिछले कुछ समय से स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से जूझ रहे हैं। श्री बिरला ने वाहेगुरु से उनके शीघ्र स्वस्थ होने की अरदास की। उन्होंने कहा कि बाबा लक्खा सिंह जी जल्द स्वस्थ होकर फिर पूरी सक्रियता के साथ समाज के वंचित और अभावग्रस्त वर्ग की सेवा में जुटें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित