कोटा , फरवरी 15 -- महाशिवरात्रि के अवसर पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने राजस्थान में काेटा में चंद्रेसल स्थित प्राचीन चंद्रेश्वर महादेव मंदिर में आयोजित मेले एवं विकास कार्यों के शिलान्यास कार्यक्रम के बाद भगवान महादेव की पूजा-अर्चना करके क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।

इस अवसर पर श्री बिरला ने कहा कि चंबल तट के निकट स्थित यह दसवीं शताब्दी का ऐतिहासिक शिवालय सदियों से आस्था और सांस्कृतिक पहचान का केंद्र रहा है। यह मंदिर केवल धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि कोटा की प्राचीन विरासत का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि मंदिर की पुरातात्विक धरोहर को सुरक्षित रखते हुए इसे आवश्यक सुविधाओं से जोड़ा जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर व्यवस्था मिल सके।

श्री बिरला ने कहा कि मंदिर क्षेत्र के समग्र विकास के लिए प्रथम चरण में 10 करोड़ रूपए के कार्य भी शुरू किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र को धार्मिक पर्यटन के साथ-साथ पर्यावरण पर्यटन से भी जोड़ा जाएगा। क्षेत्र में मगरमच्छ संरक्षण को लेकर प्रयास किए जाएंगे।

समारोह में विधायक कल्पना देवी ने कहा कि चंद्रेसल क्षेत्र में करीब एक करोड़ 63 लाख रुपए के कार्य पूरे हो चुके हैं, 49 लाख 59 हजार रुपए के कार्य प्रगति पर हैं और छह करोड़ 81 लाख रूपए के कार्य प्रक्रिया में हैं।

इससे पहले महाशिवरात्रि के अवसर पर श्री बिरला ने कोटा के मंगलेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन करके हाड़ौती केसरी दंगल के शुभारंभ समारोह में शिरकत की। उन्होंने कहा कि मंगलेश्वर व्यायामशाला के संरक्षक नाथुलाल जी सुमन की मेहनत और समर्पण का ही परिणाम है कि यहाँ की मिट्टी से निकले युवा अब इस खेल के माध्यम से हाड़ौती का गौरव बढ़ा रहे हैं।

इसके बाद श्री बिरला भीतरिया कुण्ड में श्री पंचमुखी सोमेश्वर सेवा समिति द्वारा आयोजित निशुल्क विवाह सम्मेलन में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सहयोग और सादगी की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने नवदंपतियों के सुखद दांपत्य जीवन की कामना करते हुए सभी को महाशिवरात्रि की शुभकामनाएँ दीं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित