कोटा , फरवरी 22 -- लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने रविवार को राजस्थान में कोटा के पाटनपोल स्थित वल्लभ सम्प्रदाय की प्रथम पीठ श्री बड़े मथुराधीश जी मंदिर कॉरिडोर के प्रथम चरण एवं अन्य विकास कार्यों का शिलान्यास किया।

इस अवसर पर उन्होंने कोटा महोत्सव के अंतर्गत आयोजित हैरिटेज वॉक में भी शिरकत की। इस अवसर पर श्री बिरला ने कहा कि श्री मथुराधीश जी मंदिर केवल श्रद्धा का केंद्र नहीं, बल्कि हाड़ौती की आध्यात्मिक चेतना और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि मंदिर के परिक्रमा मार्ग एवं अन्य विकास कार्यों की शुरुआत ऐतिहासिक अवसर है। मंदिर की प्राचीन गरिमा को सुरक्षित रखते हुए समय की आवश्यकताओं के अनुरूप सुविधाएँ विकसित की जाएँगी, ताकि देश-दुनिया से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर व्यवस्था मिल सके।

पाटनपोल में आयोजित शिलान्यास कार्यक्रम में श्री बिरला ने कहा कि मथुराधीश मंदिर कॉरिडोर के प्रथम चरण के तहत कोटा विकास प्राधिकरण (केडीए) द्वारा 18 करोड़ 24 लाख रुपये की लागत से श्रद्धालुओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए विकास कार्य किए जाएंगे।

इसके पश्चात श्री बिरला के नेतृत्व में गणमान्यजन हैरिटेज वॉक में शामिल हुए। हैरिटेज वॉक श्री मथुराधीश जी मंदिर से पाटनपोल होते हुए गढ़ पैलेस पहुँची, जहाँ साफा उत्सव के तहत अतिथियों का साफा बांधकर स्वागत किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित