पटना , मार्च 10 -- बिहार उद्योग विभाग के सचिव सह बियाडा एवं आईडा के प्रबंध निदेशक कुंदन कुमार की अध्यक्षता में बियाडा की प्रोजेक्ट क्लियरेंस कमिटी (पीसीसी) की बैठक आयोजित की गई।

बैठक में पात्र आवेदकों को राज्य के विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में भूमि और तैयार औद्योगिक शेड्स आवंटित करने के लिए मंजूरी दी गई। समिति ने राज्य के आठ औद्योगिक क्षेत्रों में कुल 73.47 एकड़ भूमि 10 औद्योगिक इकाइयों को आवंटित करने का निर्णय लिया, जिससे बिहार के औद्योगिक परिदृश्य को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।

इन स्वीकृत औद्योगिक परियोजनाओं में टेक्सटाइल, फूड प्रोसेसिंग, इलेक्ट्रिक उपकरण, ग्रीन एनर्जी और सामान्य विनिर्माण जैसे विविध क्षेत्र शामिल हैं। प्रस्तावित इकाइयों के माध्यम से राज्य में लगभग 1,344 करोड़ का निवेश आने का अनुमान है, जिससे करीब 2,003 लोगों के लिए रोजगार के अवसर सृजित होंगे। इन परियोजनाओं के क्रियान्वयन से न केवल औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों और रोजगार के अवसरों में भी वृद्धि होगी।

बियाडा द्वारा उद्योगों के लिए बेहतर अवसंरचना, सुगम प्रक्रियाएँ और निवेश के अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। यह निर्णय बिहार को निवेश के लिए एक उभरते औद्योगिक गंतव्य के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित