नयी दिल्ली , अक्टूबर 12 -- बहुक्षेत्रीय तकनीकी और आर्थिक सहयोग के लिए बंगाल की खाड़ी पहल ( बिम्सटेक) देशों के गृह मंत्रियों की पहली बैठक मंगलवार को यहां गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में होगी।
श्री शाह ने सोमवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में इसकी जानकारी देते हुए कहा कि भारत के लिए इस बैठक की मेजबानी करना सम्मान की बात है।
गृह मंत्री ने कहा , "भारत के लिए 13 अक्टूबर को नई दिल्ली में बिम्सटेक गृह मंत्रियों की बैठक की मेज़बानी करना सम्मान की बात है। मैं माननीय गृह मंत्रियों और सदस्य देशों के प्रतिनिधिमंडलों का हार्दिक स्वागत करता हूं। यह ऐतिहासिक बैठक आतंकवाद, सीमा-पार संगठित अपराध, नशीले पदार्थों, कट्टरपंथ, तस्करी, अवैध वित्तीय लेन-देन और साइबर खतरों से निपटने के हमारे साझा संकल्प को रेखांकित करती है। ठोस समन्वय के माध्यम से, हम एक सुरक्षित, मज़बूत और अधिक सुरक्षित बिम्सटेक क्षेत्र बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"बैठक में भारत, भूटान, म्यांमार, नेपाल, श्रीलंका और थाईलैंड के गृह मंत्री हिस्सा ले रहे हैं जबकि बंगलादेश के गृह मंत्री के इसमें शामिल होने की संभावना नहीं है।
इस बैठक का मुख्य एजेंडा आतंकवाद, सीमा-पार संगठित अपराध, नशीले पदार्थों की तस्करी, कट्टरपंथ, अवैध वित्तीय लेन-देन और साइबर खतरों पर चर्चा करना है। इसका उद्देश्य बंगाल की खाड़ी के क्षेत्रीय समूह के सदस्य देशों के बीच आंतरिक सुरक्षा और कानून प्रवर्तन एजेंसियों के बीच आपसी सहयोग को मजबूत करना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित