गयाजी , जुलाई 12 -- बिहार विधान सभा की ओर से विधायकों के लिए प्राईड, लोक सभा तथा बिहार लोक प्रशासन एवं ग्रामीण विकास संस्थान (बिपार्ड) के संयुक्त तत्वावधान में 11 एवं 12 जुलाई को आयोजित 'प्रबोधन कार्यक्रम' रविवार को सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि इस दो दिवसीय आवासीय 'प्रबोधन कार्यक्रम' के आयोजन के दौरान यह गौरव का विषय रहा कि 11 जुलाई को इसका उद्घाटन भारत के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने किया और उनके मार्गदर्शन ने संपूर्ण कार्यक्रम को विशेष गरिमा मिली। इस कार्यक्रम में बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, बिहार विधान परिषद् के माननीय सभापति अवधेश नारायण सिंह तथा बिहार विधान सभा के उपाध्यक्ष नरेन्द्र नारायण यादव सहित बिहार सरकार के कई मंत्री उपस्थित थे।

उपराष्ट्रपति श्री सी. पी. राधाकृष्णन जी ने उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि चुनाव मतों से जीते जाते हैं, लेकिन जनता का दिल केवल सेवा और संवेदनशील नेतृत्व से ही जीता जा सकता है। जनप्रतिनिधियों से उन्होंने आह्वान किया कि वे ऐसा काम करें जिससे बिहार से युवाओं का पलायन रुके, बिहार रोजगार का केंद्र बने और बाहर से लोग यहां अवसरों की तलाश में आएं। उनका यह आह्वान हम सबको बिहार से पलायन रोकने के लिए काम करने को प्रेरित करता रहेगा।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी जी ने कहा कि यह पहल संविधान की गरिमा और संवैधानिक मूल्यों को समृद्ध करने की दिशा में एक सराहनीय प्रयास है। उन्होंने कहा कि संवैधानिक ज्ञान को सुदृढ़ करने के लिए यह आवश्यक है कि सदस्य सदन की कार्यवाही में नियमित रूप से उपस्थित रहें और सक्रिय भागीदारी निभाएं। इसी प्रकार उप मुख्यमंत्री विजय चौधरी, बिहार विधान परिषद् के सभापति अवधेश नारायण सिंह और अन्य महानुभावों ने भी सत्र को संबोधित करते हुए विधायकों के समक्ष अपने विचार रखे।

प्रबोधन कार्यक्रम के दोनों दिन विभिन्न विषयों पर आयोजित तकनीकी एवं विषयगत सत्रों में प्राइड, लोक सभा के विशेषज्ञों ने विस्तृत व्याख्यान प्रस्तुत किए गए। पहले दिन 11 जुलाई को सदस्यों का संसदीय प्रक्रिया एवं नियम, सदस्यों के अधिकार एवं कर्तव्य, आचार संहिता, प्रश्नकाल एवं कार्यपालिका की जवाबदेही तथा आधुनिक तकनीक एवं ई-नेवा के उपयोग जैसे विषयों पर विशेषज्ञों ने मार्गदर्शन किया। प्राइड के विशेषज्ञों सत्यप्रकाश, पार्थो गोस्वामी एवं शांति श्री पाणिग्रही ने सुस्पष्टता से विषयों को सदस्यों के समक्ष रखा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित