रुड़की , मई 27 -- उत्तराखंड में रुड़की कलियर क्षेत्र के धनौरी रोड स्थित अस्थाई दुकानों पर लगे बिजली मीटर हटाने पहुंची ऊर्जा निगम की टीम को बुधवार को स्थानीय व्यापारियों, जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों के विरोध का सामना करना पड़ा। कुछ दुकानों से मीटर हटाने की कार्रवाई शुरू होने के बाद विरोध बढ़ने पर विभागीय टीम को अभियान बीच में रोककर वापस लौटना पड़ा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जिलाधिकारी के निर्देश पर ऊर्जा निगम की टीम एसडीओ अनिता सैनी एवं जेई गोपाल सैनी के नेतृत्व में धनौरी रोड स्थित अस्थाई दुकानों पर लगे विद्युत मीटर हटाने पहुंची थी। टीम ने मौके पर पहुंचते ही कार्रवाई शुरू करते हुए कुछ दुकानों से मीटर भी उतार दिए।
कार्रवाई की सूचना मिलते ही दुकानदारों और स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। विरोध की जानकारी मिलने पर चेयरमैन प्रतिनिधि सलीम अहमद, सभासद नाजिम त्यागी, राशिद रईस, दिलबाग त्यागी तथा सभासद प्रतिनिधि गुलफाम साबरी सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से बिना पूर्व नोटिस और सूचना के कार्रवाई किए जाने पर कड़ा विरोध जताया।
इस दौरान स्थानीय लोगों और अधिकारियों के बीच तीखी बहस और नोकझोंक भी हुई, जिससे कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया। स्थिति को नियंत्रित करने और विवाद शांत कराने के लिए ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता ए.के. मिश्रा भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के बीच वार्ता के बाद कार्रवाई को फिलहाल स्थगित कर दिया गया।
एसडीओ अनिता सैनी ने बताया कि यह कार्रवाई जिलाधिकारी के निर्देशों के तहत की जा रही थी। वहीं स्थानीय प्रतिनिधियों ने दुकानदारों को वैकल्पिक व्यवस्था और समय देने की मांग रखी है।
चेयरमैन प्रतिनिधि सलीम अहमद ने कहा कि बिना किसी पूर्व सूचना और नोटिस के दुकानों से मीटर हटाने का प्रयास किया गया, जिस पर विभागीय अधिकारियों से वार्ता कर कुछ समय मांगा गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित