बेतिया , अक्टूबर 29 -- बिहार के पश्चिम चंपारण जिले में परिवहन विभाग की ओर से वाहनों की जांच के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।28 अक्टूबर से शुरू हुआ यह अभियान चार नवंबर तक जारी रहेगा। अभियान के पहले दिन बुधवार को 123 वाहनों का चालान काटते हुए 8 लाख 43 हजार 40 रुपये जुर्माना लगाया गया। इस दौरान बिना परमिट चलने वाली यात्री बसों और ओवरलोड ट्रकों पर विशेष नजर रखी गई।

परिवहन विभाग की टीम ने बस, ट्रक, टैक्सी समेत अन्य व्यावसायिक वाहनों की जांच की। इस दौरान वाहनों के आवश्यक कागजात, परमिट और यातायात नियमों के अनुपालन की पड़ताल की गई। अभियान में जिला परिवहन पदाधिकारी अमित राज, अपर परिवहन पदाधिकारी साक्षी प्रिया, मोटरयान निरीक्षक प्रतीक कुमार, विनोद सिंह और प्रभात कुमार समेत प्रवर्तन दल के कर्मी शामिल रहे। जिला परिवहन पदाधिकारी अमित राज ने बताया कि दूसरे प्रदेशों से यात्रियों को लेकर आने-जाने वाली बसों की विशेष जांच की जा रही है। अंतरप्रांतीय यात्री सेवा संचालित करने वाले बस संचालकों से नियमानुसार परमिट लेकर ही बसों का परिचालन करने की अपील की गई है। उन्होंने कहा कि पूर्व में लगाए गए जुर्माने का भुगतान नहीं करने वाले बस संचालकों के वाहनों के परिचालन पर रोक लगाई जा सकती है। नियमों के अनुसार बसों को जब्त करने की कार्रवाई भी की जा सकती है। उन्होंने बताया कि चार नवंबर तक चलने वाले इस विशेष अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।

परिवहन विभाग ने वाहन संचालकों से आवश्यक कागजात दुरुस्त रखने और निर्धारित नियमों के अनुसार ही वाहनों का परिचालन करने की अपील की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित