चंडीगढ़ , जून 29 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने 'जागत जोत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार (संशोधन) अधिनियम-2026' को लेकर पंजाब सरकार और आम आदमी पार्टी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि आप के मंत्रियों और विधायकों ने विधेयक को बिना पढ़े मंजूरी देकर गंभीर लापरवाही बरती और सिख समुदाय की भावनाओं के साथ खिलवाड़ किया।

श्री ढिल्लों ने कहा कि इस पूरे घटनाक्रम से स्पष्ट हो गया है कि मुख्यमंत्री भगवंत मान, उनके मंत्री, विधायक और आम आदमी पार्टी का नेतृत्व बेअदबी जैसे संवेदनशील मुद्दे पर केवल राजनीति कर रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार को किसी भी सिख धार्मिक कानून को पारित करने से पहले श्री अकाल तख्त साहिब और शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक समिति (एसजीपीसी) से सलाह-मशविरा करना चाहिए था, लेकिन ऐसा नहीं किया गया।

भाजपा नेता ने मुख्यमंत्री भगवंत मान के श्री अकाल तख्त साहिब के समक्ष पेश न होने पर भी सवाल उठाये। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री होने के साथ-साथ भगवंत मान एक विधायक भी हैं और जब सभी विधायकों को पेश होने के लिए कहा गया था, तब उनकी गैरहाजिरी अकाल तख्त साहिब का अपमान है।

श्री ढिल्लों ने आम आदमी पार्टी के विधायकों द्वारा अकाल तख्त साहिब के समक्ष पेश होने से पहले अरविंद केजरीवाल से अनुमति लेने के मुद्दे को भी उठाया। उन्होंने कहा कि यदि पार्टी अकाल तख्त साहिब को सर्वोच्च मानती है, तो फिर वहां उपस्थित होने के लिए दिल्ली से मंजूरी लेने की आवश्यकता क्यों पड़ी। उन्होंने सवाल किया कि क्या आम आदमी पार्टी के लिए अरविंद केजरीवाल अकाल तख्त साहिब से भी ऊपर हैं।

श्री ढिल्लों ने कहा कि सरकार की कानूनी खामियों और लापरवाही के कारण ही श्री अकाल तख्त साहिब को इस मामले में हस्तक्षेप करना पड़ा। उन्होंने दावा किया कि सरकार अब एक महीने के भीतर कानून में संशोधन का लिखित आश्वासन दे चुकी है, ऐसे में मुख्यमंत्री भगवंत मान को भी अपना अहंकार छोड़कर श्री अकाल तख्त साहिब के समक्ष पेश होना चाहिए।उन्होंने कहा कि सिख समुदाय के लिए श्री अकाल तख्त साहिब सर्वोच्च संस्था है और कोई भी मुख्यमंत्री या राजनीतिक नेता उससे बड़ा नहीं हो सकता। ढिल्लों ने चेतावनी दी कि यदि मुख्यमंत्री ने अपनी गलती स्वीकार नहीं की तो पंजाब की जनता उन्हें कभी माफ नहीं करेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित