मुरैना , जून 07 -- मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में बिना नंबर वाले वाहनों की जांच के दौरान एक ट्रैक्टर चालक ने परिवहन विभाग के वाहन को टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। घटना में जांच दल के सदस्य बाल-बाल बच गए।

पुलिस सूत्रों के अनुसार उच्चतम न्यायालय के निर्देशों के तहत परिवहन विभाग की उप पुलिस निरीक्षक मीनाक्षी गोखले अपने स्टाफ और विशेष सशस्त्र बल के जवानों के साथ सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर बिना नंबर वाले वाहनों की जांच कर रही थीं।

इसी दौरान एक बिना नंबर का ट्रैक्टर-ट्रॉली आता दिखाई दिया। जांच दल द्वारा उसे रुकने का संकेत दिया गया, लेकिन चालक ने वाहन रोकने के बजाय तेज गति से परिवहन विभाग के वाहन को टक्कर मार दी।

सूत्रों ने बताया कि टक्कर के बाद चालक ट्रैक्टर लेकर भागने लगा। जांच दल द्वारा पीछा किए जाने पर ट्रैक्टर एक बिजली के खंभे से टकरा गया, जिसके बाद चालक मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया है। परिवहन विभाग की शिकायत पर अज्ञात चालक के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। ट्रैक्टर के चेसिस नंबर के आधार पर उसके स्वामी की पहचान करने की कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित