ग्वालियर , जुलाई 31 -- मध्यप्रदेश के ग्वालियर में साइबर ठगी के दो मामलों में बदमाशों ने बिना किसी ओटीपी या फोन कॉल के दो बैंक खातों से डेढ़ लाख रुपये से अधिक की राशि निकाल ली। पुलिस ने दोनों मामलों में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार पहला मामला हजीरा थाना क्षेत्र के बिरला नगर, चंदन नगर निवासी अनिल जादौन का है। उन्होंने शिकायत में बताया कि वह एक निजी अस्पताल में कार्यरत हैं। दो दिन पहले उनका मोबाइल साइबर ठगों ने कथित रूप से हैक कर लिया, जिसके बाद उनके बैंक खाते से 62 हजार रुपये निकाल लिए गए। घटना की जानकारी मोबाइल बंद होने के बाद मिली। शिकायत पर साइबर हेल्पलाइन में सूचना देने के बाद हजीरा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
दूसरा मामला हजीरा थाना क्षेत्र के नहर रोड, गदाईपुरा निवासी बृजकिशोर भदौरिया का है। उन्होंने बताया कि उनका बैंक ऑफ इंडिया में खाता है। 25 जुलाई की रात घर पर रहते समय खाते की जांच करने पर पता चला कि अज्ञात साइबर ठग सात अलग-अलग ट्रांजेक्शन के माध्यम से उनके खाते से 93 हजार 998 रुपये 91 पैसे निकाल चुके थे। पीड़ित का कहना है कि न तो उनके पास कोई फोन कॉल आया और न ही उन्होंने किसी को बैंक संबंधी जानकारी साझा की थी।
दोनों पीड़ितों ने साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद साइबर सेल ने जीरो पर एफआईआर दर्ज कर प्रकरण संबंधित थाना भेजा, जहां हजीरा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित