नैनीताल , अगस्त 05 -- उत्तराखंड में शासकीय दायित्वों में लापरवाही बरतने पर नैनीताल जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए कोसी निर्माण सिंचाई खंड, रामनगर के अधिशासी अभियंता अजय जॉन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उनके खिलाफ प्रतिकूल प्रविष्टि दर्ज कराने की सिफारिश शासन को भेजने के निर्देश दिए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मानसून सत्र और मुख्यमंत्री के गर्जिया-रामनगर भ्रमण को देखते हुए जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने सभी अधिकारियों को बिना पूर्व अनुमति मुख्यालय नहीं छोड़ने के स्पष्ट निर्देश दिए थे।
बताया जा रहा है कि इसके बावजूद अधिशासी अभियंता अजय जॉन विगत 05 जुलाई को बिना अवकाश स्वीकृत कराए मुख्यालय से अनुपस्थित पाए गए। इस पर जिलाधिकारी ने कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि बिना अनुमति मुख्यालय छोड़ना उत्तराखंड राज्य सरकारी कर्मचारी आचरण नियमावली, 2002 के नियम 3(1) एवं 3(2) का उल्लंघन है। उन्होंने शासकीय आदेशों की अवहेलना, अनुशासनहीनता और दायित्वों के प्रति लापरवाही को गंभीर मानते हुए संबंधित अधिकारी की सेवा पुस्तिका में प्रतिकूल प्रविष्टि अंकित कराने की संस्तुति शासन को भेजने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि मानसून अवधि में बिना अनुमति मुख्यालय छोड़ने की अनुमति नहीं होगी। जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित