चंडीगढ़ , सितंबर 18 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता एवं पूर्व केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि पठानकोट में 'नशा मुक्त पंजाब यात्रा' में शामिल होने जा रहे उनके काफिले पर बटाला के पास हमला किया गया।

श्री बिट्टू ने आम आदमी पार्टी (आप) और एक स्थानीय विधायक पर हमले की साजिश का आरोप लगाया।उन्होंने बताया कि काफिले के वाहनों पर अंडे और टमाटर फेंके गये तथा कुछ गाड़ियों के शीशे तोड़ दिये गये। उनकी सुरक्षा टीम ने मौके से तीन संदिग्ध लोगों को पकड़कर पुलिस के हवाले किया। घटना के बाद का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बिट्टू के समर्थकों और पुलिसकर्मियों के साथ एक व्यक्ति को पकड़े हुए दिखाया गया है।

पुलिस की ओर से हालांकि इस मामले में विस्तृत प्रतिक्रिया अभी सामने नहीं आयी है।

श्री बिट्टू ने कहा कि उन्हें जेड-प्लस सुरक्षा प्राप्त है और उनके साथ करीब 100 सुरक्षाकर्मी रहते हैं। अगर उनके साथ ऐसा व्यवहार हो सकता है तो आप आदमी का क्या हाल होगा। उन्होंने घटना की सूचना केंद्रीय गृह मंत्रालय को देने की बात कही और कहा कि यदि उन्हें कोई नुकसान होता है तो इसके लिए मुख्यमंत्री भगवंत मान और पुलिस महानिदेशक जिम्मेदार होंगे।

इससे पहले पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवळ सिंह ढिल्लों ने भी काफिले पर हमले की निंदा करते हुए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की थी। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ भाजपा का अभियान जारी रहेगा।

श्री ढिल्लों ने आरोप लगाया कि 'नशा मुक्त पंजाब यात्रा' शुरू होने से पहले भाजपा नेता और पूर्व केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू के काफिले पर हमला किया गया। उन्होंने दावा किया कि काफिले के वाहनों पर अंडे और टमाटर फेंके गये तथा कुछ वाहनों के शीशे तोड़े गये। उन्होंने घटना की निंदा करते हुए पंजाब के पुलिस महानिदेशक से जिम्मेदार लोगों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की।

भाजपा नेता ने मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल पर भी आरोप लगाये और कहा कि उनकी पार्टी नशे के खिलाफ अभियान जारी रखेगी। उन्होंने पंजाब पुलिस से पेशेवर तरीके से काम करने की अपील की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित