बैतूल , नवम्बर 10 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के शीतलझिरी गांव में घर की बिजली व्यवस्था सुधारते समय करंट लगने से 35 वर्षीय मजदूर संतराम वरकड़े की मौत हो गई। हादसे से परिवार में शोक छा गया। मृतक के दो छोटे बच्चे हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार संतराम सोमवार शाम अपने घर में बिजली का काम कर रहे थे। बिजली के खंभे के पास लगे मीटर के नजदीक कटे हुए केबल पर टेप लगाते समय वह अचानक करंट की चपेट में आ गए और नीचे गिरकर अचेत हो गए। परिजन उन्हें तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

मंगलवार को जिला अस्पताल पुलिस चौकी ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव का पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया। संतराम मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी मौत से दोनों बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित