नयी दिल्ली , अक्टूबर 12 -- अक्टूबर में लोडिंग में सुधार के साथ बिजली संयंत्रों में कोयले का भंडार 29 सितंबर से बराबर 1.8 करोड़ टन से अधिक स्तर पर बना हुआ है।
कोयला मंत्रालय की सोमवार को जारी विज्ञप्ति के अनुसार 29 सितंबर को घरेलू कोयला आधारित बिजली घरों में कोयले का कुल भंडार 1.89 टन से कुछ अधिक और 10 अक्टूबर को 1.82 करोड़ टन था। मंत्रालय का कहना है कि यह स्थिरता दर्शाती है कि कोयले की आपूर्ति बिजली संयंत्रों की दैनिक खपत के अनुरूप बनी हुई है और महत्वपूर्ण भंडार वाले संयंत्रों को आपूर्ति की करीबी से निगरानी की जा रही है।
मंत्रालय ने कहा कि पर्याप्त आपूर्ति और निर्बाध बिजली उत्पादन सुनिश्चित करने के लिए, आवश्यकता के आधार पर संवेदनशील स्टेशनों को कोयले का पुनर्वितरण किया जा रहा है।
सितंबर महीने में बिजली घरों में कोयला स्टॉक लगभग 72.8 लाख टन घट गया था जो प्रति दिन औसतन लगभग 2.4 लाख टन की गिरावट दर्शाता है। अक्टूबर 2026 के पहले दस दिनों में, स्टॉक में कुल मिलाकर केवल लगभग 5.6 लाख टन की गिरावट आई जो प्रति दिन औसतन लगभग 60 हजार टन की गिरावट दर्शाता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित