भिण्ड , जुलाई 28 -- मध्यप्रदेश में भिण्ड जिले के गोहद क्षेत्र में कम वर्षा और अघोषित बिजली कटौती से परेशान किसानों ने बिजली विभाग के उप महाप्रबंधक कार्यालय का घेराव कर तीन दिन के भीतर बिजली आपूर्ति में सुधार की मांग की। किसानों ने चेतावनी दी कि मांग पूरी नहीं होने पर व्यापक आंदोलन किया जाएगा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पिछले पांच दिनों से पर्याप्त बिजली आपूर्ति नहीं होने के कारण गोहद क्षेत्र में धान की फसल प्रभावित हो रही है। खेतों में लगी धान की पौध पानी के अभाव में सूखने लगी है तथा ट्यूबवेल और सिंचाई मोटर बंद पड़े हैं, जिससे किसानों के सामने फसल बचाने का संकट खड़ा हो गया है।

बरौना, बकनासा, केथोदा, भौनपुरा, एमानपुरा, टेटोन, बधवालापुरा, बुध सिंह का पूरा, मनोहर का पूरा, भूरे का पूरा, शेरपुर, माहुरी का पूरा, आलोरी का पूरा, एंडोरी, चंदोखर, राय की पाली, लोधे की पाली, खनेता सहित करीब तीन दर्जन गांवों के लगभग 300 किसान ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष आशीष गुर्जर के नेतृत्व में मध्य प्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के उप महाप्रबंधक कार्यालय पहुंचे और प्रदर्शन किया।

किसानों का आरोप है कि ग्रामीण क्षेत्रों में कई दिनों से अघोषित बिजली कटौती की जा रही है, जबकि कम वर्षा के कारण सिंचाई पूरी तरह बिजली पर निर्भर है। समय पर पानी नहीं मिलने से धान की पौध तेजी से सूख रही है और किसानों की मेहनत पर संकट मंडरा रहा है।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि गोहद का 84 क्षेत्र धान उत्पादन के लिए जाना जाता है, लेकिन लगातार बिजली संकट के कारण इस वर्ष भी उत्पादन प्रभावित होने की आशंका है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि बिजली आपूर्ति में तत्काल सुधार नहीं हुआ तो व्यापक आंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

उप महाप्रबंधक जे.जे. लखेरा ने किसानों को आश्वस्त किया कि कम वर्षा के कारण बिजली की मांग अचानक बढ़ गई है और अधिक लोड के चलते समस्या उत्पन्न हो रही है। उन्होंने कहा कि विभाग किसानों को पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराने के लिए प्रयासरत है।

इसके बाद ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष आशीष गुर्जर, नगर कांग्रेस अध्यक्ष गणेशाराम शर्मा और सुमित त्रिवेदी ने गोहद एसडीएम से भी मुलाकात कर समस्या से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि पर्याप्त विद्युत आपूर्ति की मांग को लेकर एसडीएम को ज्ञापन भी सौंपा जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित