यमुनानगर , अक्टूबर 23 -- हरियाणा में बिजली विभाग की तीन दिवसीय हड़ताल के मद्देनजर यमुनानगर पुलिस सतर्क है। पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल के दिशा-निर्देशन में पावर हाउसों और महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस प्रशासन और बिजली विभाग के अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि बिजली आपूर्ति सुचारू बनी रहे और किसी अप्रिय घटना से समय रहते निपटा जा सके।

दूसरी ओर बिजली आपूर्ति बाधित होने से कई क्षेत्रों में पेयजल संकट पैदा होने पर पुलिस ने राहत कार्य शुरू किया। थाना शहर जगाधरी के तहत बुढ़िया गेट चौकी क्षेत्र की पटरी मोहल्ला, कल्याण नगर, विजय नगर, महावीर कॉलोनी तथा फर्कपुर चौकी क्षेत्र की नंदा कॉलोनी, जवाहर नगर, खड्डा कॉलोनी और शिव नगर में वाटर वर्क्स से सप्लाई प्रभावित हुई थी। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने प्रभावित कॉलोनियों में वाटर टैंकरों का प्रबंध किया और जनरेटरों की मदद से ट्यूबवेल चलाकर पेयजल आपूर्ति बहाल करवाई।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि आपात स्थिति में आमजन को सहायता पहुंचाना पुलिस की प्राथमिकता है और संबंधित विभागों के साथ मिलकर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित