शेखपुरा , अगस्त 16 -- िहार में शेखपुरा जिले के शेखपुरा नगर थाना क्षेत्र में रविवार को विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता अश्विनी चंद्रन ने गले में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।पुलिस सूत्रों ने बताया कि मृतक अश्विनी चंद्रन विद्युत विभाग में सिविल निर्माण कार्य के कार्यपालक अभियंता के पद पर कार्यरत थे। वह मूल रूप से समस्तीपुर जिले के हसनपुर के रहने वाले थे। वह फरवरी से कच्ची रोड स्थित गिरो महतो के मकान में किराये पर रह रहे थे।
सूत्रों ने बताया कि पिछले तीन दिनों से अश्विनी और उनकी पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। आज पत्नी द्वारा सिगरेट पीने से मना करने के बाद विवाद बढ़ गया। इसके बाद अश्विनी अपने कमरे में चले गये और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों और आसपास के लोगों को अनहोनी की आशंका हुई।सूचना मिलने पर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर कमरे में प्रवेश किया। अंदर अश्विनी चंद्रन चादर के फंदे से लटके मिले।
अश्विनी चंद्रन करीब नौ महीने से शेखपुरा में कार्यरत थे। पदोन्नति के बाद उन्हें कार्यपालक अभियंता बनाया गया था। इससे पूर्व वह सहायक अभियंता के रूप में कार्यरत थे।
अपर थानाध्यक्ष धनंजय दास ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है। पुलिस आत्महत्या के कारणों समेत घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित