भिंड , अप्रैल 03 -- मध्यप्रदेश के भिंड जिले के लहार अनुभाग में मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के डिवीजन ऑफिस में उपमहाप्रबंधक के स्थानांतरण के बाद कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि ऑफिस से सीसीटीवी कैमरों के डीवीआर और कंप्यूटर की हार्डडिस्क हटवा ली गई, जिसके बाद विवाद बढ़ गया और मामला थाने तक पहुंच गया।
जानकारी के अनुसार लहार डिवीजन में पदस्थ उप महाप्रबंधक लक्ष्मी सोनवानी का स्थानांतरण आदेश जारी हुआ था। आदेश के मुताबिक उन्हें 31 मार्च तक कार्यमुक्त होकर नई जगह ज्वॉइन करना था। इसी ट्रांसफर के बाद एक अप्रैल को स्थानीय कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि ऑफिस में लगे जरूरी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को लक्ष्मी सोनवानी अपने साथ ले गई हैं। कर्मचारियों का कहना है कि ऑफिस में लगे सीसीटीवी कैमरों के डीवीआर और कंप्यूटर की हार्डडिस्क निकाल ली गई है। यह उपकरण बेहद महत्वपूर्ण माने जाते हैं क्योंकि इनमें ऑफिस की गतिविधियों का पूरा रिकॉर्ड रहता है। ऐसे में इनके हटाए जाने को लेकर कर्मचारियों में नाराजगी और शक दोनों बढ़ गए हैं।
मामला बढ़ने पर कर्मचारियों ने इसकी शिकायत लहार थाने में भी दर्ज कराई है। उनका कहना है कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए ताकि यह साफ हो सके कि उपकरण किसके कहने पर और क्यों हटाए गए।
हाल ही में लहार विधायक अम्बरीश शर्मा ने क्षेत्र की समस्याओं को लेकर धरना प्रदर्शन किया था। इस प्रदर्शन में बिजली विभाग से जुड़ी शिकायतें भी प्रमुख रूप से उठाई गई थीं। इसके कुछ समय बाद ही उप महाप्रबंधक का ट्रांसफर आदेश जारी हुआ था जिससे इस मामले को और भी जोड़कर देखा जा रहा है।
फिलहाल इस मामले में न तो संबंधित अधिकारी की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने आया है और न ही पुलिस ने खुलकर कुछ कहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित