यमुनानगर , अक्टूबर 21 -- हरियाणा में बिजली वितरण के निजीकरण के विरोध में बुधवार को बिजली कर्मचारियों ने प्रदेशभर में विरोध प्रदर्शन किया। जॉइंट फोरम के आह्वान पर सभी फील्ड कार्यालयों और हेड ऑफिस में समानांतर बिजली वितरण लाइसेंस की प्रतियां जलाई गईं।

हरियाणा कर्मचारी एवं इंजीनियर संयुक्त मोर्चा के नेता रविंदर घनघस ने कहा कि हरियाणा विद्युत नियामक आयोग द्वारा गुरुग्राम और नूंह में 'इलेवन पावर प्राइवेट लिमिटेड' को समानांतर बिजली वितरण लाइसेंस दिए जाने से सभी इंजीनियर और कर्मचारी आक्रोशित हैं। आशंका है कि यह नीति हरियाणा के अन्य क्षेत्रों में भी लागू की जाएगी।

मीडिया सलाहकार वीके गुप्ता ने बताया कि ऑल इंडिया पावर इंजीनियर्स फेडरेशन ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर गुरुग्राम और नूंह के लिए दिए गए लाइसेंस को रद्द करने और 22 से 24 अक्टूबर तक प्रस्तावित तीन दिवसीय हड़ताल को रोकने के लिए हस्तक्षेप की मांग की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित