बुरहानपुर , अगस्त 14 -- मध्यप्रदेश के बुरहानपुर जिले के नेपानगर में शुक्रवार दोपहर बिजली लाइन सुधारते समय नगर पालिका के एक सफाईकर्मी को करंट लग गया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बुरहानपुर रेफर किया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।

घटना दोपहर करीब एक बजे महात्मा गांधी वार्ड क्रमांक 20 में आंगनवाड़ी के पास हुई। करंट लगने के बाद कर्मचारी पोल पर लगे झूले में ही फंस गया। स्थानीय लोगों ने उसे नीचे उतारकर नेपा लिमिटेड के अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे बुरहानपुर भेजा गया।

करंट की चपेट में आए कर्मचारी की पहचान नगर पालिका सफाईकर्मी ललित डुलगज (35) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से सफाईकर्मी है, लेकिन नगर पालिका द्वारा उससे इलेक्ट्रिक हेल्पर और वाहन चालक का काम भी लिया जाता है। शुक्रवार को उसे बिजली लाइन दुरुस्त करने के लिए पोल पर चढ़ाया गया था। करंट लगने के बाद उसके हाथ बिजली के तारों से नहीं चिपके और वह झूले में लटक गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

स्थानीय निवासी निलेश कटारिया ने आरोप लगाया कि नगर पालिका में हर वर्ष ठेका होता है, लेकिन कर्मचारियों को पर्याप्त सुरक्षा सामग्री उपलब्ध नहीं कराई जाती। उन्होंने कहा कि सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराए गए तो समाज के लोग आंदोलन करेंगे। लोगों ने यह भी बताया कि नगर पालिका के पास लिफ्टर मशीन उपलब्ध है, लेकिन घटना के बाद वह मौके पर पहुंची।

नगर पालिका सीएमओ संतराम चौहान ने बताया कि ललित डुलगज सफाई विभाग का कर्मचारी है और काम के लिए गया था। उन्होंने कहा कि तीन-चार दिन पहले ही कर्मचारियों को सुरक्षा बरतने के निर्देश दिए गए थे। कर्मचारियों को आवश्यक सुरक्षा सामग्री भी उपलब्ध कराई जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित