भोपाल , जून 25 -- मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के बिलखिरिया क्षेत्र में बिजली लाइन पर काम करने के दौरान करंट लगने से एक युवक की मृत्यु हो गई। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार मृतक की पहचान बिलखिरिया निवासी जितेंद्र कुशवाहा (22) के रूप में हुई है, जो इलेक्ट्रीशियन का कार्य करता था। घटना रायसेन रोड स्थित बिलखिरिया क्षेत्र में हुई।
मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि क्षेत्र में एक फेज की बिजली बंद होने की शिकायत पर पहुंचे दो लाइनमैनों ने स्वयं कार्य करने के बजाय जितेंद्र को खंभे पर चढ़ाकर मरम्मत कार्य करने के लिए कहा। उनका आरोप है कि बिजली आपूर्ति बंद कराए बिना ही कार्य शुरू कराया गया, जिससे वह करंट की चपेट में आ गया और उसकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। परिजनों का यह भी आरोप है कि दुर्घटना के बाद संबंधित कर्मचारी मौके से चले गए। उन्होंने जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस के अनुसार शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। बिलखिरिया थाना प्रभारी उमेश चौहान ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है। जांच के दौरान यदि किसी व्यक्ति या कर्मचारी की लापरवाही सामने आती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। मृतक अपने परिवार का सबसे छोटा पुत्र था और मेहनत-मजदूरी कर परिवार की आर्थिक सहायता करता था। घटना के बाद परिजनों में शोक व्याप्त है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित