जगदलपुर , जून 19 -- छत्तीसगढ़ में बिजली बिलों में कथित वृद्धि, बिजली कटौती और स्मार्ट मीटर व्यवस्था को लेकर कांग्रेस नेता एवं पूर्व विधायक रेखचंद जैन ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों से आम उपभोक्ता परेशान है।
श्री जैन ने शुक्रवार को जारी बयान में कहा कि प्रदेश के कई उपभोक्ताओं को इस माह अपेक्षा से अधिक बिजली बिल प्राप्त हुए हैं, जिससे लोगों की चिंता बढ़ गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि जहां पहले एक से दो हजार रुपये तक के बिजली बिल आते थे, वहीं अब कई उपभोक्ताओं को चार से पांच हजार रुपये तक के बिल मिल रहे हैं।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ ऊर्जा उत्पादन के क्षेत्र में अग्रणी राज्यों में शामिल है और यहां कोयला खदानों के साथ-साथ ताप विद्युत संयंत्र भी संचालित हैं। इसके बावजूद बिजली बिलों में वृद्धि से आम लोगों, विशेषकर निम्न एवं मध्यम वर्ग के परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
पूर्व विधायक ने राज्य सरकार से बिजली बिलों में वृद्धि और विद्युत व्यवस्था की स्थिति पर श्वेत पत्र जारी कर स्थिति स्पष्ट करने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार आम जनता की समस्याओं के प्रति संवेदनशील नहीं है।
श्री जैन ने कहा कि प्रदेश में पिछले कुछ समय से प्लान मेंटेनेंस के नाम पर बार-बार बिजली कटौती की जा रही है, जिससे घरेलू उपभोक्ताओं के साथ-साथ छोटे उद्योग और व्यवसाय भी प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि पहले इस प्रकार की कटौती मानसून पूर्व सीमित अवधि के लिए होती थी, जबकि अब वर्षभर विभिन्न क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित