बैतूल , मार्च 27 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के भैंसदेही थाना क्षेत्र में बिजली बिल वसूली के दौरान आउटसोर्स कर्मचारी के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपी उपभोक्ता के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार घटना 25 मार्च की है, जब बिजली विभाग के आउटसोर्स कर्मचारी शुभम लांडे, लाइनमैन पवन लिखितकर और अन्य कर्मचारी ग्राम बोरगांव डैम में बकाया बिल की वसूली के लिए पहुंचे थे। यहां उपभोक्ता तिलक बिसोने के नाम पर 6645 रुपये का बिल बकाया था।

बताया गया है कि राशि जमा नहीं होने पर कर्मचारियों ने नियमानुसार बिजली कनेक्शन काटने की कार्रवाई की। इस पर नाराज उपभोक्ता ने कर्मचारियों के साथ अभद्रता करते हुए मारपीट की और धमकी दी।

घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दोनों पक्षों के बीच विवाद और हाथापाई होती दिखाई दे रही है। वीडियो में पहले उपभोक्ता द्वारा धमकाने और बाद में दोनों के बीच झड़प का दृश्य देखा जा सकता है।

घटना के बाद बिजली विभाग के सहायक प्रबंधक दीपक सोलंकी ने थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि वीडियो फुटेज के आधार पर मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित