रायपुर , अगस्त 08 -- छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने अगस्त माह में जारी बिजली बिलों को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार और बिजली कंपनी पर आज निशाना साधा है। उन्होंने दावा किया कि अगस्त में जारी बिजली बिलों की राशि अप्रैल, मई, जून और जुलाई की तरह ही अधिक है।

श्री बैज ने कहा कि सरकार और बिजली कंपनी बढ़े बिजली बिलों के लिए जनता को ही गलत ठहरा रही है।

उन्होंने कहा कि बिजली कंपनी का दावा है कि जून की तुलना में जुलाई में बिजली की खपत में 30 प्रतिशत कमी आई है, जबकि पिछले आठ महीनों में औसत बिजली खपत और बिजली बिल लगातार बढ़े हैं। उन्होंने बिजली कंपनी से पिछले आठ महीनों के बिजली बिल और खपत का विस्तृत विश्लेषण सार्वजनिक करने की मांग की।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में बिजली दरों में लगातार बढ़ोतरी हुई है और 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना बंद कर दी गई है। उन्होंने कहा कि ऐसे में बिजली सस्ती होने का सरकार और बिजली कंपनी का दावा वास्तविक स्थिति से मेल नहीं खाता।

श्री बैज ने दावा किया कि जुलाई से घरेलू उपभोक्ताओं की बिजली दरों में 30 से 50 पैसे, गैर-घरेलू उपभोक्ताओं की दरों में 20 से 40 पैसे तथा कृषि पंपों की बिजली दरों में 40 पैसे की वृद्धि की गई है। उन्होंने विद्युत ईंधन अधिभार में भी वृद्धि का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में अब तक बिजली की कीमतों में 31.23 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हुई है।

उन्होंने बढ़े बिजली बिल के तीन प्रमुख कारण बताते हुए कहा कि बिजली दरों में वृद्धि, 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना का बंद होना और स्मार्ट मीटर से अधिक रीडिंग आने के कारण उपभोक्ताओं के बिल बढ़ रहे हैं। उन्होंने स्मार्ट मीटरों की व्यवस्था पर भी सवाल उठाए।

श्री बैज ने सरकार से बिजली की दरें कम करने, 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना फिर से लागू करने और स्मार्ट मीटर वापस लेने की मांग की। उन्होंने कहा कि बिजली बिलों को लेकर कांग्रेस का आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक सरकार उपभोक्ताओं की समस्याओं का समाधान नहीं करती।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित