बड़वानी , जुलाई 18 -- मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले के अंजड़ थाना क्षेत्र में बिजली बिल को लेकर हुए विवाद में एक पूर्व सरपंच की कथित रूप से उनके ही बेटे ने ईंट से हमला कर हत्या कर दी।

पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार ग्राम सेमल्दा डेब निवासी एवं पूर्व सरपंच मुकेश निहाल की हत्या के आरोप में उनके बेटे राजेश उर्फ राजू को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

अनुविभागीय पुलिस अधिकारी (डीएसपी) महेश सुनैया ने बताया कि मुकेश निहाल की तीन पत्नियां थीं। आरोपी राजेश उनकी पहली पत्नी का पुत्र है और पेशे से पेंटर है। वह पिता के घर से लगे मकान में रहता था तथा परिवार के बिजली और पानी का खर्च भी वहन करता था।

गत 14 जुलाई की शाम बिजली के कथित दुरुपयोग और उसका बिल भरने को लेकर पिता-पुत्र के बीच विवाद हो गया। विवाद के दौरान राजेश ने गुस्से में घर की बिजली काट दी, जिससे दोनों के बीच कहासुनी बढ़ गई।

आरोप है कि इसी दौरान राजेश ने पिता के साथ मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचे उसके सौतेले भाई दीपक और दीपक की पत्नी के हस्तक्षेप पर आरोपी ने ईंट से दीपक के चेहरे पर हमला कर दिया, जिससे उसके कई दांत टूट गए। इसके बाद उसने पिता मुकेश निहाल के सिर पर भी ईंट से वार कर दिया।

गंभीर रूप से घायल मुकेश निहाल को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित